धनबाद / झरिया। धनबाद जिला महिला कांग्रेस कमिटी का झरिया विधानसभा में भगा 16 नंबर में आसमा खातून के नेतृत्व में महिला कांग्रेस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि निवर्तमान जिलाध्यक्ष सीता राणा शामिल हुई। महिलाओं ने सीता राणा का भव्य स्वागत किया और फूल माला पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस की विचारधारा से प्रभावित होकर दर्जनों महिलाओं ने महिला कांग्रेस का दामन थामा। निवर्तमान जिलाध्यक्ष सीता राणा ने सभी का महिला कांग्रेस में स्वागत किया और महिलाओं को फूल माला पहनाकर कांग्रेस पार्टी के विचारधारा पर चलने और आने वाले समय में कांग्रेस की सरकार बनाने का आह्वाहन किया।
मौके पर सीता राणा ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार लोगों को दिवास्वप्न दिखा रही है। अमुक समय तक युवाओं को रोजगार मिल जाएगा, सभी को अपना घर मिल जाएगा, किसानों की आय दुगनी हो जाएगी यह सब एक जुमला है और अपनी नाकामी को छुपाने केलिए वर्तमान की भाजपा सरकार या तो नेहरू जी और इंदिरा गांधी जी पर आरोप मढ़ते हैं। जबकि नेहरू जी और इंदिरा जी ने जो काम देश के विकास और राष्ट्र हित में किया उसका दस फीसदी कार्य भी भाजपा अपने 11 साल में नहीं कर पाई । जनहित में सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही कार्य कर सकती है और राहुल गांधी जी के हाथों को मजबूत कर आने वाले समय में कांग्रेस की सरकार बनानी है।
रूबी खातून ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा जनकल्याणकारी है और जनता का लाभ कांग्रेस ही कर सकती है। झूठे वादे कर महिलाओं युवाओं को ठगा जा रहा है। इससे बचने की जरूरत है।
गुड़िया देवी ने कहा कि महिलाओं को अपनी शक्ति को पहचानना होगा और संगठित होकर झूठे वादे करने वालों सरकार को हटाना होगा तभी जनता का कल्याण संभव है।
कविता धीवर ने कहा कि महिलाएं अब जागरूक हो रही हैं। संगठित हो रही है और आने वाला समय कांग्रेस का होगा।
आसमा खातून ने कहा कि आज दर्जनों महिलाएं महिला कांग्रेस में शामिल हुई। कांग्रेस के विचारधारा को घर घर पहुंचाना है और महिलाओं को जागरूक कर महिला कांग्रेस से जोड़ने का अभियान चलाना है।
मौके पर गीता सिंह, सुनीता निषाद, नीतू देवी, निखत नाज, राधा देवी, शबन खातून, अजीफा खातून, फातिमा बीबी, पार्वती रजक, नसीमा खातून, सुमित्रा रविदास, ऊषा देवी पासवान, हुस्ना बानो, मधु देवी, रोशनी कुमारी, कुसुम देवी आदि मौजूद थीं।