परिजन ने लगाया हत्या का आरोप
शव का पंचनामा कर भेजा गया पोस्टमार्टम के लिए धनबाद
सी सी टी वी फुटेज को पुलिस ने खंगाला
भूली। भूली डी ब्लॉक दुर्गा मंदिर के बगल में पार्क की दीवार और मध्य विद्यालय के बाउंड्री के बीच युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शुक्रवार के अहले सुबह लोगों ने एक युवक का शव देखा। शव मुंह के बल पड़ा था। जिसके कारण पहचान नहीं हो पा रही थी। जिसकी सूचना स्थानीय पूर्व पार्षद रंजीत कुमार उर्फ बिल्लू और स्थानीय भूली पुलिस को दिया गया। जिसके बाद शव को बाहर निकाला गया। शव को बाहर निकालने के बाद स्थानीय लोगों ने शव की पहचान नंदन पासवान के रूप में की और उसके परिजन को सूचित किया। नंदन पासवान के शव मिलने की खबर सुनकर परिजन रोते हुए घटना स्थल पर पहुंची। परिजन नंदन पासवान को अस्पताल ले जाना चाहते थे। पुलिस के समझाने के बाद भी परिजन काफी देर तक अड़े रहे। लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई थी।

भूली ओ पी प्रभारी महेश चंद्र दल बल के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा बनवाया। भूली ओ पी प्रभारी महेश चंद्र ने दुर्गा मंदिर के बाहर लगे सी सी टी वी फुटेज की जांच की।
सी सी टी वी फुटेज में नंदन पासवान अकेले बैठा दिखा और फिर नंदन पासवान औंधे मुंह गिर पड़ा। जिसके बाद नंदन पासवान नही उठा। अहले सुबह जब स्थानीय लोगों ने देखा और पुलिस शव को बाहर निकाली तो शरीर अकड़ गया था।
मृतक नंदन पासवान का बड़ा भाई चंदन पासवान में उसके दोस्तो पर ही शराब पिलाकर मारने का आरोप लगाया। चंदन पासवान में आरोप लगाते हुए कहा की कुछ दिन पहले उनलोगो का झगड़ा हुआ था। इसी कारण उमलोगों ने मेरे भाई को अत्यधिक शराब पिलाकर हत्या कर दी। देर रात तक नंदन की खोज की थी। मगर नंदन नही मिला और घर भी नही आया।
भूली ओ पी प्रभारी महेश चंद्र ने बताया की भूली डी ब्लॉक दुर्गा मंदिर के बगल में पार्क के बाउंड्री से सटा हुआ जगह में शव मिलने की सूचना मिली थी। शव को बाहर निकाल कर पंचनामा किया गया है। सी सी टी वी फुटेज की जांच की गई है। पोस्टमार्टम के लिए शव को भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चलेगा। परिजन के द्वारा आवेदन मांगा गया है। जिसके बाद उचित जांच कर कार्यवाई की जायेगी।
पूर्व पार्षद रंजीत कुमार उर्फ बिल्लू ने बताया कि स्थानीय लोगों के द्वारा सूचना मिलने पर घटना स्थल पर पहुंचा। घटना दुखद है। मौत किस कारण हुई इसकी जांच निष्पक्ष रूप से होनी चाहिए।
परिजनों को समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एंबुलेंस से एस एस एन एम सी एच धनबाद भेजा गया।