धनबाद। 8 मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर धनबाद जिला महिला कांग्रेस कमिटी की महासचिव रूबी खातून ने कहा कि पुरुष मानसिकता के कारण महिलाओं का विकास सबसे ज्यादा प्रभावित रहा है। महिलाओं को समान और उत्थान के लिए हर वर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। जब तक महिलाओं को उनका अधिकार नही मिलता यह सिर्फ नारा बन कर रह जायेगा। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पंचायत स्तर पर महिलाओं के उत्थान के लिए आरक्षण दिया। जिसका लाभ छोटे चुनाव में महिलाएं ले रही हैं और समाज का प्रतिनिधित्व कर रही है। जरूरत है कि महिला अपने अधिकार के प्रति सजग हो। राजनीति में महिलाओं को आगे बढ़ने में पुरुष मानसिकता हावी है। वर्तमान सरकार ने महिलाओं को राजनीति में भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर आरक्षण का नारा दिया। मगर उसे लागू कराने में पूरी तरह विफल रही है।
आज जरूरत है कि सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए महिलाओं को संगठित और शिक्षित होना होगा। अगर महिलाएं शिक्षित और संगठित हो सकी तभी उन्हें उनका अधिकार और सम्मान मिलेगा।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शपथ लें कि हम महिलाएं विषम परिस्थितियों में भी एक दूसरे का साथ देंगी। और महिलाओं के उत्थान के लिए न्याय के साथ खड़ी होंगी। तभी महिलाओं का अधिकार मिलेगा, समाज में सम्मान मिलेगा और राजनीति में भागीदारी सुनिश्चित होगी।
