भूली। संविधान दिवस पर भूली बी ब्लॉक बुधनी हटिया स्थित बाबा साहब डॉक्टर भीम राव आंबेडकर के प्रतिमा पर फूल माला अर्पित कर संविधान दिवस मनाया गया।
मानव अधिकार प्रोटेक्शन के झारखंड प्रदेश प्रभारी सुदिष्ट कुमार ने कहा कि संविधान हमारा गौरव है, देश के भीतर विविधताओं के बीच कई दिवस मनाया जाता है उनमें से संविधान दिवस सबसे महत्वपूर्ण है और सभी दिवसों का आधार भी। संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को बिना भेदभाव के समान अधिकार देता है।
सद्भावना के सचिव सह पूर्व पार्षद सांसद रंजीत कुमार बिल्लू ने बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद कहा कि देश की राजनीतिक पार्टी या सामाजिक संगठन सभी संविधान से ही चलता है लेकिन कुछ लोग संविधान को नकार कर राजनीति कर रहे हैं ऐसे लोग हमारे संविधान के लिए खतरा है। हमें संविधान दिवस पर अपने गौरवशाली संविधान की रक्षा का शपथ लेना चाहिए और वैसे मानसिकता के लोगों को रोकना होगा जो संविधान के आत्म को ना मानता हो।
मानवाधिकार सहयोग संघ एडीसीए के झारखंड प्रदेश के न्यायिक सलाहकार सह नव संकल्प मंच के सचिव जितेंद्र कुमार ने कहा कि संविधान दिवस हमे याद दिलाता है कि देश का हर नागरिक एक समान है। उनके अधिकार और दायित्व समान है। हमारा संविधान दबे कुचले वंचित वर्ग को उनके मौलिक अधिकारों की रक्षा को प्रेरित करता है।
कांग्रेस पार्टी के एस सी एस टी विभाग के भूली नगर अध्यक्ष अजय कुमार चौधरी उर्फ गुड्डू चौधरी ने कहा कि संविधान हमारी आत्मा है, संविधान रक्षा को लेकर हमे जागृत होना होगा क्योंकि देश में बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर के संविधान को छेड़छाड़ कर इसके मूल आत्मा को खतरे में डाला जा रहा है। यह प्रवृति संविधान के लिए खतरनाक है।
मौके पर पंकज कुमार सिंह, जितेंद्र सिंह, मानस रंजन पाल, राणा दत्ता , मनमोहन सिंह, अरुण मंडल, दिनेश यादव, मनोज सिंह, अशोक गुप्ता, दीपक महतो, विजय राम इत्यादि उपस्थित थे।

