ओबी डंप के विरोध में ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Local

जोगाता कपूरिया मार्ग को किया जाम

जोगता पुलिस के आश्वासन पर हटाया जाम, यातायात बहाल

कतरास। बी सी सी एल के कनकनी कोलियरी अंतर्गत संचालित हिल टॉप आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा ओबी डंप के विरोध में जोगता 15 नंबर के आक्रोशित ग्रामीणों ने जोगता कपूरिया मार्ग को जाम कर दिया। जिससे यातायात बंद हो गया।
रामेश्वर राम ने सड़क जाम को लेकर बताया कि हिल टॉप आउटसोर्सिंग कंपनी के मनमाना रवैया से स्थानीय ग्रामीणों के जीवन पर संकट उत्पन्न हो गया है। हम ग्रामीण आउटसोर्सिंग का विरोध नही कर रहे बल्कि काम करने के तरीके का विरोध कर रहे। कंपनी द्वारा जिस तरह से ओबी डंप किया जा रहा है उससे लोगों की जान जा सकती है।


वहींं गोविंद कुमार चौहान ने बताया कि हिल टॉप आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा ओबी डंप से स्थानीय ग्रामीणों के जान माल को नुकसान हो सकता है। मानक की अनदेखी कर ओबी डंप किया जा रहा है। 550 वोल्ट के विद्युत आपूर्ति लाइन को नुकसान हो सकता है। आम लोगों का जीवन संकट में है। ग्रामीणों से वार्ता करने और समस्या के समाधान के बजाय आउटसोर्सिंग के कर्मी ओबी के ऊपर से पत्थर चलाते हैं। जब तक वार्ता नही होती सड़क जाम रहेगा।


जोगता कपूरिया मार्ग के अवरूद्ध किए जाने की सूचना पर जोगता थाना के पुलिस मौका पर पहुंचे और ग्रामीणों से बात की। ग्रामीणों की समस्या को सुनने के बाद जोगता पुलिस द्वारा प्रबंधक और ग्रामीणों के बीच वार्ता कराने की पहल के आश्वासन के बाद सड़क जाम को हटा लिया गया। जिसके बाद जोगता कपूरिया मार्ग पर यातायात सुचारू हो सका।


हिल टॉप आउटसोर्सिंग प्रबंधक ग्रामीण और जोगता पुलिस के त्रिपक्षीय वार्ता किया गया । जो बेनतीजा निकला। वार्ता विफल होने के बाद बाघमारा विधायक प्रतिनिधि रामेश्वर राम ने कहा कि पूरी घटनाक्रम से विधायक ढुल्लू महतो को अवगत कराया जायेगा। फिलहाल विधायक ढुल्लू महतो रांची में हैं। रांची से आने के बाद आंदोलन को रणनीति पर चर्चा कर उचित आंदोलन किया जाएगा। प्रबंधन की मनमानी को किसी कीमत पर बर्दास्त नही किया जायेगा।